वार्ड संख्या 8 से अविनाश कौर ने दाखिल किया नामांकन, भ्रष्टाचार मुक्त वार्ड का किया दावा
लोहरदगा : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 से प्रत्याशी अविनाश कौर ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के उपरांत उन्होंने प्रेस एवं मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से वार्ड पार्षद के रूप में लगातार जनसेवा कर रही हैं। इस दौरान वर्ष 2019 का कोरोना काल भी आया और बीते लगभग दो वर्षों तक चुनाव टलने के बावजूद उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया। अविनाश कौर ने कहा कि उनके कार्यकाल में सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाया गया, और कोई भी लाभार्थी यह नहीं कह सकता कि उनसे किसी प्रकार की घूस ली गई हो। “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ जाति-पात से ऊपर उठकर सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किया गया।
उन्होंने बताया कि वार्ड में आवास योजना के साथ-साथ नाली निर्माण, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, जल मीनार, चापाकल, स्लैब निर्माण, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मंईया सम्मान योजना, महिला मंडलों को रोजगार से जोड़ने, नए राशन कार्ड बनवाने सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। साथ ही नगर परिषद में पिछले 10 वर्षों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार विरोध और आंदोलन भी किया गया।
अविनाश कौर ने कहा कि उनके प्रयास से वार्ड में जहां पिछले 22 वर्षों से बिजली के खंभे, कवर तार और स्ट्रीट लाइट नहीं थे, वहां सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। तीन नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित कराए गए। सड़क, नाली और सफाई जैसे कार्यों को नियमित रूप से कराया गया।
आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड में जहां-जहां पानी सप्लाई की पाइपलाइन नहीं बिछी है, वहां पाइपलाइन बिछाने के लिए डीपीआर राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है। नए कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। इसके अलावा दो सड़कों का कार्य चुनाव के बाद शीघ्र शुरू किया जाएगा और जिन नालियों में स्लैब नहीं है, वहां स्लैब लगाना प्राथमिकता में रहेगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 8 की जनता हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और इस बार भी पूरा विश्वास है कि जनता उन्हें विजयी बनाएगी। जीत के बाद वार्ड 8 को एक आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
नामांकन के अवसर पर प्रस्तावक अरुण कुमार, समर्थक रेणू सिंह के अलावा कवलजीत सिंह, कुणाल वर्मा, राजू यादव, सत्येंद्र शर्मा, राहुल कुमार, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, सोहन साहू, करमन सिंह, जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद


No Previous Comments found.