नवाडीह में अजमत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस सह जलसा प्रोग्राम 13 अप्रैल को। आयोजन समिति ने तैयारियों को लेकर की बैठक, बनाई गई विशेष रणनीति।
किस्को : लोहरदगा। जिले के किस्को प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाडीह ग्राम में आगामी 13 अप्रैल को अजमत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस सह जलसा प्रोग्राम को ऐतिहासिक तरीके से कामयाब बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंजुमने इस्लामिया नवाडीह एवं तालिमी मिशन के ज़ेरे निगरानी में आगामी 13 अप्रैल 2026 की रात्रि में भव्य जलसा प्रोग्राम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार रूप से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित ओहदेदारों ने बताया कि इस अजीमोशान जलसे में देश के नामचीन उलेमा-ए-किराम शिरकत करेंगे। वक्ताओं ने बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में नबीरा-ए-आला हजरत, शहजादा व जानशीन-ए-हुजूर अमीने शरीअत, खलीफा व दामाद-ए-हुजूर ताजुश्शरिया, आबरू-ए-अहले सुन्नत पीर-ए-तरीकत रहबर-ए-राह-ए-शरीअत हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सलमान रजा खान साहब किबला बरेली शरीफ तशरीफ फरमा होंगे। इसके अलावा आले नबी औलाद-ए-अली, पीर-ए-तरीकत, खलीफा-ए-हुजूर गुलजारे मिल्लत हजरत अल्लामा मौलाना सैयद कामरान हबीब साहब किबला नवादा, बिहार की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में मुकरीर-ए-अहले सुन्नत कारी जियाउद्दीन शम्सी, नकीब-ए-सुन्नत हसन रजा फैजी, ताजदार-ए-सुखन शायर-ए-फिक्र-ओ-फन हजरत अख्तर काशिफ साहब, नातख्वां मुस्तफा अफरोज अंबर तथा शायर-ए-अहले सुन्नत हजरत कारी अब्दुल सलाम कौसर भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान इस्लामी शिक्षाओं, वालिदैन के अधिकार, सामाजिक एकता, नैतिक मूल्यों और भाईचारे पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाएं। बैठक में अंजुमन के पदाधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे। जिसमें अतहर अंसारी, रौनक इकबाल, रउफ़ अंसारी, हनान अंसारी, क़ामिल अंसारी, हमीद अंसारी, अमाल अंसारी, अनीस अंसारी, सनीफ़ अंसारी, मोजेबुल रहमान सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
रिपोर्टर : नेहल

No Previous Comments found.