रामनवमी को लेकर लोहरदगा पुलिस अलर्ट, विधि-व्यवस्था को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

लोहरदगा :  मंगलवार क़ो पूर्वाह्न में पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा के कार्यालय में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक शादिक अनवर रिजवी क़े द्वारा की गई, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को एवं लोहरदगा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक सह पुलिस निरीक्षक किस्को एवं लोहरदगा, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी लोहरदगा, सार्जेंट मेजर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में रामनवमी पर्व  शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों एवं स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही दागी एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी नजर रखने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही अश्लील एवं भड़काऊ गीतों के बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सख्त निर्देश दिया गया।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट चार्ट तैयार करने एवं यातायात संधारण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी वरीय पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने एवं सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
बैठक के पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीआर पहुंचकर जिले में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।पुलिस प्रशासन ने आमजनों से भी अपील की है कि वे पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

रिपोर्टर : नेहाल अहमद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.