शैक्षणिक भ्रमण के लिए लोहरदगा के 200 छात्र-छात्राएं पलामू प्रमंडल रवाना
लोहरदगा : राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत लोहरदगा जिले के छात्र-छात्राएं पलामू प्रमंडल के लिए शुक्रवार को रवाना हुए। जिला सीएम उत्कृष्ट नदिया हिन्दू विद्यालय परिसर से उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए लोहरदगा जिले के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 6 से 8 तक के करीब 200 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्र-छात्राएं शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय तथा नियमित उपस्थिति वाले हैं।तीन दिवसीय इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं लातेहार जिले स्थित बेतला राष्ट्रीय उद्यान सफारी, पलामू किला, लोध जलप्रपात, नेतरहाट झील, सूर्योदय एवं सूर्यास्त प्वाइंट, नेतरहाट आवासीय विद्यालय, कोयल व्यू प्वाइंट, नाशपाती बगान तथा चीड़ के जंगलों का भ्रमण करेंगे।
जानकारी के अनुसार सभी छात्र-छात्राएं रविवार शाम तक वापस लोहरदगा लौट आएंगे।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सत्यम कुमार

No Previous Comments found.