बंद पड़े हजारों ट्रकों का परिचालन शुरू कराने की मांग, ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

लोहरदगा : लोहरदगा गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने शुक्रवार को लोहरदगा उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए हिंडाल्को कंपनी में चलने वाले हजारों बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन जल्द शुरू कराने की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले करीब तीन माह से हेसल से कमले (बड़की चांपी) स्टेशन सड़क विवाद के कारण ट्रकों का संचालन प्रभावित था, जबकि पिछले एक सप्ताह से परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है।

एसोसिएशन के अनुसार ट्रकों के बंद होने से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 40 से 50 हजार लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। ट्रक परिवहन व्यवस्था लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिले की लाइफ लाइन मानी जाती है। ट्रक मालिक, चालक, उपचालक, लोडर, अनलोडर, गैराज संचालक, मिस्त्री, टायर दुकानदार, पेट्रोल पंप, पार्ट्स दुकान, होटल और चाय दुकानों सहित पूरा बाजार प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ऊपर पाट, बनारी, बिशुनपुर, आदर, घाघरा, सेन्हा, लोहरदगा और चंदवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हिंडाल्को कंपनी की ओर से बताया गया है कि हेसल अनलोडिंग स्थल पर बॉक्साइट रखने की जगह नहीं बची है, क्योंकि हेसल से कमले (बड़की चांपी) स्टेशन तक माल शिफ्टिंग सड़क समस्या के कारण बंद है। जब तक विवाद का समाधान नहीं होता, तब तक ट्रकों का परिचालन बंद रहेगा।
ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने उपायुक्त से हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि हजारों परिवारों की आजीविका दोबारा पटरी पर लौट सके। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि ट्रकों के बंद रहने से सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी लोहरदगा, पुलिस अधीक्षक लोहरदगा, झारखंड के मुख्यमंत्री तथा एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रशाद साहू को भी भेजी गई है।

रिपोर्टर : निहाल अहमद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.