लोहरदगा पुलिस की बड़ी सफलता, हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
लोहरदगा : पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने की कथित साजिश को समय रहते विफल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक देशी पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक ऑल्टो कार जब्त की है। मामले की जानकारी सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने दी। एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति नीले रंग की ऑल्टो कार से अवैध हथियार लेकर सोबरन टोली से जुरिया की ओर किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सत्यापन और कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
विशेष टीम ने सोबरन टोली के समीप घेराबंदी की। करीब दोपहर 12 बजे संदिग्ध नीले रंग की ऑल्टो कार (संख्या जेएच-07बी-7575) दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति दरवाजा खोलकर गलियों की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। इसी दौरान कार को चारों ओर से घेर लिया गया। वाहन में बैठे दो लोगों को हिरासत में लिया गया।पूछताछ में उनकी पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), ग्राम लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहू (30 वर्ष), बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई।
तलाशी में मिला हथियार
लोहरदगा पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर अजय साहू की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जबकि उसके पास से चार जिंदा कारतूस भी मिले। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण उनकी योजना विफल हो गई।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम का एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस (तीन 7.65 एमएम एवं एक 7.62 एमएम,एक सैमसंग मोबाइल फोन, एक ऑल्टो कार (संख्या जेएच-07बी-7575 बरामद की गई है। इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 102/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2)(ए), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय साहू के विरुद्ध पूर्व से अपहरण, डकैती से संबंधित अपराध तथा दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा के खिलाफ गुमला और लोहरदगा जिले के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पुअनि रवि रंजन कुमार, सअनि असर्फी बहेलिया, चंद्रदीप मेहता, रमेश कुमार तिवारी, पंचू उरांव, नरेश महली, चालक आरक्षी सत्य किशोर कुमार, चालक आरक्षी मुकेश कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा से केरकेट्टा ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नेहल अहमद
No Previous Comments found.