भूमि विवाद में झूठे मुकदमे और कब्जे के प्रयास का आरोप, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
लोहरदगा : जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत नारी-नवाडीह गांव के निवासी प्रदीप साह एवं विनय प्रसाद साह ने भूमि विवाद को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। दोनों ने लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के अनिल साहू, गोपाल साहू, अशोक साहू, अमित साहू तथा रिशु कुमार द्वारा साझा जमीन पर जबरन खेती की जा रही है और उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। आवेदन के अनुसार खाता संख्या 2 के प्लॉट संख्या 139, 140 एवं 143 चार हिस्सेदारों की भूमि है, जिस पर न्यायालय का निर्णय आने के बावजूद जबरन खेती किए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि खेत में लगाए गए बिचड़ा (धान की नर्सरी) को जानबूझकर जलाकर बाद में दूसरे स्थान के बिचड़े को रोपने की योजना बनाई गई। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि खाता संख्या 85, प्लॉट संख्या 784 की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर झूठे मुकदमे दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। आवेदन में पूर्व में एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजे जाने का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वर्ष 1990 से लगातार मुकदमेबाजी कर उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि विवादित भूमि के कुछ हिस्सों की बिक्री हिस्सेदारी से अधिक कर दी गई है, जबकि शेष जमीन पर भी जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। खेत में जाने पर मारपीट और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद
No Previous Comments found.