प्रोजेक्ट पहल के तहत एसटी आवासीय विद्यालय किस्को में एसडीओ ने की शिक्षकों संग बैठक

किस्को, लोहरदगा : उपायुक्त संदीप कुमार मीना के निर्देशानुसार जिले में संचालित प्रोजेक्ट पहल के तहत दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने किस्को प्रखंड मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय, किस्को का निरीक्षण कर विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान एसडीओ अमित कुमार ने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई, विषयवार तैयारी और शैक्षणिक प्रगति के संबंध में शिक्षकों से क्लासवार जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई में आ रही समस्याओं, पाठ्यक्रम की स्थिति तथा परीक्षा की तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की। एसडीओ अमित कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराते हुए उनकी पढ़ाई को मजबूत करना है। उन्होंने सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने शिक्षकों से कहा कि दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई कराई जाए। विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों को दूर करने के साथ-साथ नियमित रूप से उनकी प्रगति का आकलन किया जाए, ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त किया जा सके। इस दौरान एसडीओ अमित कुमार ने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की बात कही। मौके पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका जैतुन एक्का सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।

रिपोर्टर : नेहाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.