जनप्रतिनिधि और युवाओं ने उठाया बीड़ा करीब 5 किलोमीटर नाली की सफाई का शुरू किया अभियान।
लोहरदगा - जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत नारी गांव में लंबे समय से जलजमाव और नाली की समस्या से परेशान लोगों ने अब खुद पहल करते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। पूर्व में कई बार मांग और शिकायत के बावजूद नाली की समुचित सफाई एवं पक्की नाली निर्माण नहीं होने पर अंजुमन इस्लामिया नूरी एवं नौजवान कमेटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बुधवार को नाली की सफाई कराई। नाली पर जहां-जहां अतिक्रमण के कारण पानी का निकास बाधित था, वहां बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान नाली में जमा कचरा और गंदगी को भी बाहर निकाला गया। ग्रामीणों के अनुसार नारी धुर्वा मोड़ चौक से हरिजन मोहल्ला होते हुए नारी महतो टोला तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में नाली के अभाव और अतिक्रमण के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। छोटी नालियां भी जाम हो गई थीं और गंदा पानी सड़क एवं घरों के आसपास जमा रहता था। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के स्थायी समाधान की मांग पूर्व में भी की जाती रही है, लेकिन ठोस पहल नहीं होने पर अंजुमन और नौजवान कमेटी ने स्वयं सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया।इस सराहनीय पहल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग मिला। जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विनेश साहू एवं नवाडीह पंचायत की मुखिया मीना कुमारी ने अभियान में विशेष सहयोग किया। वहीं अंजुमन इस्लामिया नूरी के सदर मोहम्मद सनाउल्लाह, सेक्रेटरी कुद्दूस अंसारी, खजांची मोबिन अंसारी, समाजसेवी एकरामुल अंसारी, अशफाक अंसारी, साकिर अंसारी एवं नौजवान कमेटी के सदस्यों के नेतृत्व में बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने और नाली की सफाई का कार्य कराया गया। बुधवार शाम 4 बजे तक सफाई एवं अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो सका था। अंजुमन के पदाधिकारियों ने शेष कार्य को भी जल्द पूरा कराने की बात कही है। उनका कहना है कि नाली की सफाई होने से फिलहाल जलजमाव और जाम की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए पक्की नाली का निर्माण जरूरी है। अंजुमन के पदाधिकारियों ने लोहरदगा उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेते हुए नारी गांव में पक्की नाली निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
रिपोर्टर - नेहाल अहमद
No Previous Comments found.