वन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश,विभिन्न गांवों में मनाया गया वृक्ष रक्षा बंधन
किस्को - लोहरदगा वन एवं पर्यावरण की सुरक्षा तथा पेड़-पौधों के संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग लोहरदगा के सौजन्य से जिले के विभिन्न ग्रामों एवं जंगल क्षेत्रों में वृक्ष रक्षा बंधन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वन विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों को वनों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा पेड़ों की अंधाधुंध कटाई रोकने के प्रति जागरूक किया।
वन विभाग की ओर से बताया गया कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जंगलों की सुरक्षा से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ जल, मिट्टी और जैव विविधता का भी संरक्षण होता है। ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई। फॉरेस्टर विकी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीणों की सहभागिता से वृक्ष रक्षा बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को वनों और पेड़ों के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा उनके संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर - नेहाल अहमद
No Previous Comments found.