आफताब अंसारी बने लोहरदगा इंटक के जिलाध्यक्ष, मो. फारूक हुसैन को जिला महासचिव की जिम्मेदारी
लोहरदगा : भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनीश सेठ एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय ददई दुबे के पुत्र तथा राष्ट्रीय महासचिव अभय कुमार दुबे के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बॉबी भगत की अनुशंसा पर आफताब अंसारी को इंटक की झारखंड शाखा का लोहरदगा जिलाध्यक्ष तथा मो. फारूक हुसैन को जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना तथा मजदूरों, रैयतों एवं आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना है। इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बॉबी भगत ने कहा कि संगठन मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा। हिंडाल्को समेत अन्य कंपनियों में मजदूरों के कथित शोषण एवं मजदूर विरोधी नियमों के खिलाफ इंटक आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ रैयतों के हितों और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भी संगठन प्रतिबद्ध है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आफताब अंसारी ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। मजदूरों एवं आम जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन को मजबूत बनाने तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वहीं, नवनियुक्त जिला महासचिव मो. फारूक हुसैन ने कहा कि इंटक को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जल्द ही जिला एवं प्रखंड समितियों का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास किया जाएगा। आफताब अंसारी को जिलाध्यक्ष एवं मो. फारूक हुसैन को जिला महासचिव नियुक्त किए जाने पर इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बॉबी भगत, संदीप कुमार, झामुमो के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद, एनएसयूआई के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संजर अंसारी, रौशन ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर : निहाल

No Previous Comments found.