17.90 लाख से बदलेगी हिसरी पंचायत भवन की सूरत, वर्षों बाद शुरू हुआ जीर्णोद्धार कार्य
लोहरदगा : जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत हिसरी पंचायत वर्षों से जर्जर और बदहाल स्थिति में पड़े पंचायत भवन की तस्वीर अब बदलने वाली है। जिला परिषद की ओर से करीब 17 लाख 90 हजार रुपये की लागत से पंचायत भवन का जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। इस पहल से न केवल पंचायत भवन की सुंदरता में निखार आएगा, बल्कि भवन को मजबूती भी मिलेगी। लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहे पंचायत भवन को नया स्वरूप देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत भवन का काफी लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं कराया गया था। देखरेख के अभाव में भवन की दीवारें धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही थीं। भवन की स्थिति ऐसी हो गई थी कि इसकी सुंदरता पूरी तरह प्रभावित होने लगी थी। पंचायत भवन गांव के लोगों के लिए प्रशासनिक कार्यों, सरकारी योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। ऐसे में भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई थी। अब जिला परिषद की ओर से करीब 17.90 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराए जाने से ग्रामीणों में खुशी देखी जा रही है। मरम्मत कार्य के तहत भवन को बेहतर स्वरूप देने के साथ-साथ उसकी मजबूती पर भी ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन की मरम्मत का कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है, जो काफी सराहनीय पहल है। उनका कहना है कि वर्षों से उपेक्षित पड़े पंचायत भवन का जीर्णोद्धार होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश है।
ग्रामीणों का मानना है कि पंचायत भवन केवल एक सरकारी इमारत नहीं, बल्कि पंचायत के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है। यहां से पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का संचालन, ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा तथा प्रशासनिक कार्यों को गति मिलती है। ऐसे में भवन का बेहतर और मजबूत होना बेहद जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत भवन का जीर्णोद्धार होने से पंचायत को एक बेहतर आधारभूत संरचना मिलेगी। इससे भवन की उपयोगिता बढ़ेगी और पंचायत स्तर पर होने वाली गतिविधियों के लिए भी बेहतर वातावरण तैयार होगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद हिसरी पंचायत भवन एक नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा।
रिपोर्टर : निहाल अहमद

No Previous Comments found.