किस्को चौक और प्रखंड मुख्यालय के आसपास चला तंबाकू नियंत्रण अभियान

लोहरदगा : लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड में तंबाकू नियंत्रण कानून का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप के निर्देश पर प्रखंड मुख्यालय, किस्को मुख्य चौक, मध्य विद्यालय किस्को तथा अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय एवं राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय किस्को के आसपास संचालित लगभग 25 से 30 दुकानों की जांच की गई। यह संयुक्त अभियान अंचलाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ओड़ेया, थाना प्रभारी मानस कुमार साधू, जिला सलाहकार राजू प्रमाणिक तथा आईडीएसपी विभाग के विमलेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान कई दुकानों में तंबाकू, सिगरेट एवं गुटखा की बिक्री करते हुए पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी।अधिकारियों ने बताया कि सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना कानूनन अपराध है, जिस पर भी आर्थिक दंड का प्रावधान है।अभियान के दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया कि विद्यालयों, अस्पतालों एवं सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री न हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को मौके पर ही चेतावनी देते हुए जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे केवल कानून का पालन ही नहीं करें, बल्कि लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि तंबाकू से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक जानलेवा रोगों का खतरा बढ़ जाता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर : नेहाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.