बजट सत्र के पांचवें दिन मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण यह महज 8 मिनट ही चल पाई। विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सदन का माहौल बाधित हो गया।

लोकसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल के दौरान नारेबाजी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के व्यवहार का कोई औचित्य नहीं है। बावजूद इसके विपक्ष का शोर-शराबा जारी रहा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इसी बीच, अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर मंगलवार सुबह एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस समझौते को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बताया।

दूसरी ओर, विपक्ष ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस ने कहा कि जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े सीजफायर की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की थी, उसी तरह ट्रेड डील की जानकारी भी पहले अमेरिका की ओर से सामने आई, जो प्रधानमंत्री की कमजोर कूटनीति को दर्शाती है।
No Previous Comments found.