उत्तर प्रदेश में फिर गहराया भगवान राम का मुद्दा, डिप्टी सीएम ने दी तीखी प्रक्रिया...
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भगवान राम का मुद्दा एक बार फिर से गहराता दिख रहा है। इस बार इस मुद्दे की शुरूआत हुई कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर से जिसमें रायबरेली सांसद राहुल गांधी की फोटो भगवान राम से तुलना करते हुए दिखाई गई है। इस मामले में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है जिसके बाद सूबे की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाले लोग आज उनसे अपने नेता की तुलना कर रहे हैं। ऐसे लोगों को देश से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
क्या कहा ब्रजेश पाठक ने...
ब्रजेश पाठक ने कहा जिस कांग्रेस पार्टी ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकार दिया था, वही अब अपने नेता की तुलना भगवान राम से कर रही है। यह पूरी तरह से पाखंड और अवसरवाद है। राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि जो लोग भगवान राम के अस्तित्व को मानने से इनकार कर चुके हैं, वही अब उनके नाम का राजनीतिक लाभ उठाना चाह रहे हैं। यह वही कांग्रेस है जिसने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारा था।
उन्होंने सवाल किया:
राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से किस आधार पर की जा रही है? क्या ये लोग भूल गए हैं कि कांग्रेस की नीतियाँ हमेशा से राम विरोधी रही हैं?
2014 में हुआ कांग्रेस रूपी रावण का दहन-
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में कांग्रेस रूपी रावण के दस सिरों का दहन किया था। उन्होंने उन 'दस सिरों' को इस प्रकार गिनाया-70 साल की लूट-खसोट, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, कॉमनवेल्थ घोटाला, टूजी घोटाला आपातकाल (इमरजेंसी), सिख दंगे, तुष्टिकरण नीति, अर्थव्यवस्था की बर्बादी, देश की सुरक्षा से खिलवाड़।
राहुल गांधी से सीधी अपील
ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी से अपील की कि वे अपनी पार्टी के नेताओं को बताएं कि कांग्रेस का अतीत भगवान राम के विरोध से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने कोर्ट में राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया, वह आज राम के नाम की राजनीति कर रही है।
सनातन संस्कृति को ऊँचाई पर पहुंचाया-
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल कांग्रेस के पतन की कहानी लिखी, बल्कि सनातन संस्कृति को सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता आने वाले चुनावों में कांग्रेस की इस दोहरे चेहरे वाली राजनीति का करारा जवाब देगी।

No Previous Comments found.