जन शिक्षण संस्थान लखनऊ(सा.नि.) द्वारा मनाया गया विश्व श्रमिक दिवस
लखनऊ : कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार के अधीन संचालित जन शिक्षण संस्थान (सा०नि०) लखनऊ द्वारा दिनांक 01 मई 2025 को अमृतानंदमई कॉलेज ऑफ हॉयर एजुकेशन गौरा, मोहनलालगंज मे संस्थान के अध्यक्ष संजय आर. भूसरेड्डी, आई. ए. एस.(से. नि.) के मार्गदर्शन में विश्व श्रमिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जन शिक्षण संस्थान लखनऊ की मातृ संस्था इण्डिया लिट्रेसी बोर्ड के सलाहकार श्री प्रवीन टंडन ने लाभार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि यह दिन दुनिया के मजदूरों और श्रमिक वर्ग को समर्पित है। यह दिन मजदूरों व श्रमिक वर्ग की उपलब्धियों को और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को सलाम करने का दिन है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य मजदूरों की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके द्वारा किये गए योगदान को याद करना है। यह दिन मजदूरों को संगठित कर आपसी एकता मजबूत करने के लिए और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए भी है। संस्थान के निदेशक श्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि कौशल विकास किस प्रकार मजदूरों के लिए आजीविका का साधन बन सकता है एवं जन शिक्षण संस्थान की विभिन्न विधाओं में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर लाभार्थी रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सभी श्रमिक अपने कार्यक्षेत्र में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपसी सद्भावना को बनाते हुए राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अमृतानंदमई कॉलेज ऑफ हॉयर एजुकेशन की हेड ऑफ डिपार्टमेंट डॉ0 प्राप्ति दीक्षित ने कहा कि कौशल विकास और शिक्षा एक दूसरे के पूरक हैं सभी शैक्षिक संस्थाओं को कौशल विकास के आयामों की सहायता लेकर छात्रों के विकास पर नीतिगत तरीके से प्रारूप तैयार कर कार्य करना चाहिए जिससे छात्र स्वावलंबी बन सकें। कार्यक्रम के अंत में संस्थान द्वारा संचालित 2024- 25 में संचालित असिस्टेंट कंप्यूटर ऑपरेटर, असिस्टेंट ड्रेस मेकर, ड्राइविंग असिस्टेंट के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी अवधेश कुमार ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम में संस्थान के अकाउंटेंट कम मैनेजर आई.पी. गुप्ता, प्रशिक्षक अजीत यादव, महेंद्र वर्मा, रानी देवी ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.