एसीपी रजनीश वर्मा ने थाना मोहनलालगंज का किया त्रैमासिक निरीक्षण

लखनऊ : बुधवार के दिन पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज रजनीश वर्मा द्वारा प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना मोहनलालगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस त्रैमासिक निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों का गहन अवलोकन एवं मूल्यांकन किया गया। थाना परिसर का निरीक्षण में थाना परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण की स्थिति का अवलोकन किया गया। परिसर में साफ- सफाई संतोषजनक पाई गई, किंतु कुछ स्थानों पर और सुधार की आवश्यकता जताई गई। कर्मचारियों के बैरक के निरीक्षण और पुलिसकर्मियों के आवासीय बैरकों की स्वच्छता, सुविधाएं एवं आवास व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया गया। भोजनालय मैस में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं व्यवस्थापन की जांच की गई। रसोई में स्वच्छता बनाए रखने और पोषणयुक्त भोजन सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए। मालखाना निरीक्षण के दौरान मालखाने में रखे गए वस्तुओं की सूची, उनके रख- रखाव एवं सुरक्षित संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की गई। मालों की उचित प्रविष्टि एवं समय- समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु दिशा- निर्देश दिए गए। आई.जी.आर.एस प्रार्थना पत्रों की स्थिति में प्राप्त जनशिकायतों आई.जी.आर.एस की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। लंबित विवेचनाओं में विवेचकों को सभी लंबित मुकदमों की समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। गुणवत्ता पूर्ण विवेचना के साथ पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर बल दिया गया। महिला हेल्प डेस्क पर निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, सुविधाएं तथा उपलब्ध महिला कर्मियों की संवेदनशीलता की जांच की गई। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु डेस्क को और प्रभावशाली बनाए जाने हेतु निर्देशित किया गया। शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की स्थिति, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। शस्त्रों की नियमित सफाई एवं रख- रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एंटी रॉयट उपकरण दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता, स्थिति एवं उपयोग हेतु तत्परता की जांच की गई। सभी उपकरण क्रियाशील स्थिति में पाए गए। इनका समय- समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने हेतु कहा गया। निरीक्षण के उपरांत मोहनलालगंज सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा द्वारा उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को प्रोफेशनलिज़्म, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए, साथ ही थाने की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार, नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान एवं कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया गया।
रिपोर्टर : धीरज
No Previous Comments found.