आकांक्षी नगर योजना के तहत मोहनलालगंज सीएचसी में शुरू हुई डिजिटल कैंसर स्क्रीनिंग व बच्चों की आँखों की आधुनिक जाँच

मोहनलालगंज : आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत लखनऊ जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान एवं स्वयंसेवी संस्था सम्यक-कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  मोहनलालगंज में डिजिटल सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग तथा डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन के माध्यम से बच्चों की आँखों की जाँच हेतु अत्याधुनिक मशीनों का उद्घाटन किया गया।इन मशीनों का शुभारंभ महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उत्तर प्रदेश डॉ. रतनपाल सिंह सुमन द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए तकनीक आधारित नवाचारों को लगातार बढ़ावा दे रही है। डिजिटल माध्यम से सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की समय रहते पहचान संभव हो सकेगी, जिससे मरीजों को प्रारंभिक अवस्था में ही उपचार मिल सकेगा और गंभीर बीमारियों से बचाव होगा।

डॉ. सुमन ने कहा कि डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन तकनीक से बच्चों में आँखों से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं सटीक निदान किया जा सकेगा। इससे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तकनीकी पहलें भविष्य में सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुँच दोनों को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि इस पहल से बाल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को सौंप दी जाएगी। यह टीम विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों की 42 प्रकार की जन्मजात बीमारियों की पहचान कर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करती है।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और तकनीकी सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने इसे ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम बताया।इस अवसर पर निदेशक स्वास्थ्य उत्तर प्रदेश डॉ. संजू अग्रवाल, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अलका शर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशिभूषण सहित स्वयंसेवी संस्था की ओर से रूपेश सिंह, जय राम पाठक, खुशबू पांडे, मांडवी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.