शहीद दिवस पर मोहनलालगंज में भावपूर्ण कार्यक्रम, वीर शहीदों को दी गई विनम्र श्रद्धांजलि

मोहनलालगंज : शहीद दिवस के अवसर पर नगर पंचायत मोहनलालगंज स्थित पांडे कॉम्प्लेक्स में मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की आज़ादी और एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और उनके बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही देश को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें न केवल स्वतंत्रता का मूल्य समझाता है, बल्कि राष्ट्रहित में ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा भी देता है।इस अवसर पर मेरा युवा भारत लखनऊ के उपनिदेशक श्री विकास कुमार सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। यदि युवा शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, तो राष्ट्र निर्माण का सपना अवश्य साकार होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिक श्री अजीत यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिक हर पल समर्पित भाव से कार्य करते हैं और युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन व त्याग की भावना को जीवन में उतारना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता श्री अवधेश कुमार ने युवाओं को सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में उपस्थित युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के पालन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.