मजदूरों पर हमला, सरकारी जमीन पर सुअर काटकर फैलाया तनाव
लखनऊ : लखनऊ निगोहां थाना क्षेत्र के उतरावां गांव में सरकारी अन्नपूर्णा भवन के निर्माण को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने न सिर्फ निर्माण कार्य में बाधा डाली, बल्कि मजदूरों पर हमला कर उन्हें मौके से भगा दिया। इसके बाद दबंग महिलाओं द्वारा सरकारी जमीन पर सुअर काट दिए जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार उतरावां गांव स्थित गाटा संख्या 2377/1396, जो कि ग्राम समाज के नाम दर्ज है, वहां ग्राम पंचायत द्वारा अन्नपूर्णा भवन के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था। ग्राम प्रधान भोलानाथ ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव व लेखपाल की संस्तुति के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।निर्माण शुरू होते ही गांव के मैकू व उसके परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध के दौरान मजदूरों के साथ मारपीट की गई, जिससे भयभीत होकर मजदूर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद दबंग महिलाओं ने सरकारी जमीन पर कब्जे की नीयत से सुअर काट दिया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया।सूचना पर मौके पर पहुंची निगोहां पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जिनमें मैकू, सुमन, बिटान, मीरा, दीपू, रोशनी, संगीता और कुंवारा शामिल हैं। हंगामा कर रही दो महिलाओं को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में उनका चालान कर दिया गया है।थाना प्रभारी। अनुज तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है।
रिपोर्टर : धीरज


No Previous Comments found.