निशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों की हुई जांच
मोहनलालगंज : अग्रवाल मारवाड़ी सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को खुजौली चौराहा स्थित पुलिस चौकी के सामने पेट्रोल पंप परिसर में एक निशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न बीमारियों की निशुल्क जांच व उपचार का लाभ उठाया।शिविर में डायबिटीज, हृदय रोग, महिला रोग, दंत रोग एवं नेत्र संबंधी बीमारियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गहन जांच की गई। इसके साथ ही हड्डियों की जांच हेतु बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) टेस्ट भी पूर्णतः निशुल्क किया गया, जिससे महिलाओं व बुजुर्गों को विशेष लाभ मिला।चिकित्सा सेवा में डॉ. पी.के. गुप्ता, डॉ. आंचल केसरी, डॉ. अबू तलाह, डॉ. नोशाबा, डॉ. अंशी गुप्ता एवं सरिता सिंह ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाएं उपलब्ध कराईं। समिति की ओर से बच्चों को कृमिनाशक दवा, महिलाओं को आयरन, कैल्शियम एवं विटामिन डी-3 का वितरण भी किया गया।
शिविर की अध्यक्षता डॉ. पी.के. अग्रवाल एवं शैलेंद्र अग्रवाल ने की। इस अवसर पर समाजसेवी एडवोकेट सुशील रावत, अग्रवाल मारवाड़ी सभा के अध्यक्ष श्री दुर्गेश बंसल, कोषाध्यक्ष जे.के. अग्रवाल, महामंत्री महेश गोयल सहित समिति के कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।सेवा समिति द्वारा नेत्र जांच को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 1 लाख 30 हजार रुपये की नेत्र जांच मशीन हेतु डॉ. अंशी गुप्ता को चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पी.के. अग्रवाल ने बताया कि यह शिविर जी.एस. धर्मार्थ पॉलीक्लिनिक पर प्रतिवर्ष एक बार आयोजित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंदों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।स्थानीय लोगों ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की अपेक्षा जताई।
रिपोर्टर : धीरज


No Previous Comments found.