साहसिक साइकिल यात्रा का आयोजन, एडवोकेट सुशील कुमार रावत ने दिखाई हरी झंडी

मोहनलालगंज : मोहनलालगंज क्षेत्र के बिंदौआ गांव में स्थित प्रकृति भारती सेवा समर्पण संस्थान के छात्रों द्वारा रविवार को एक साहसिक एवं प्रेरणादायी साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील कुमार रावत ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए आवश्यक बताया।

साइकिल यात्रा में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान छात्रों ने अनुशासित ढंग से लंबी दूरी तय की और क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों से होते हुए पुनः अपने संस्थान परिसर, प्रकृति भारती सेवा समर्पण संस्थान, बिंदुआ पहुंचकर यात्रा का समापन किया। पूरी यात्रा के दौरान छात्रों में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस साइकिल यात्रा का उद्देश्य छात्रों में साहस, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ सामाजिक एकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के समापन पर संस्थान प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी छात्रों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.