मौलाना अब्दुल्ला सलीम के भड़काऊ बयान के विरोध में हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन
लखनऊ : एक मजहबी जलसे में बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के संबंध में की गई अत्यंत अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन हुआ। पूर्व छात्र नेता एवं अधिवक्ता अनुराग तिवारी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और मौलाना के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज में सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की अमर्यादित और उकसाने वाली भाषा का प्रयोग न केवल सामाजिक सौहार्द को आहत करता है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती पैदा करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लागू गौकशी विरोधी कानून के खिलाफ मुस्लिम समुदाय को भड़काने के उद्देश्य से मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया, वह अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।
पूर्व छात्र नेता एवं अधिवक्ता अनुराग तिवारी ने कहा कि एक सार्वजनिक धार्मिक मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज की मर्यादा का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है और ऐसे लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की बयानबाजी करने का साहस न कर सके।अनुराग तिवारी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है, जिसमें मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित छात्रों और युवाओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार दिन के भीतर मौलाना अब्दुल्ला सलीम को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान में नारे लगाए और कहा कि सनातन समाज इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणियों को कभी स्वीकार नहीं करेगा। प्रदर्शन के बाद अनुराग तिवारी और उनके साथियों ने प्रशासन से मामले में त्वरित संज्ञान लेकर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की ।प्रदर्शनकारियों में लविवि छात्र नेता जतिन शुक्ला समेत सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

No Previous Comments found.