सरोजनीनगर विधायक का चार वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने पर कल मनाया जाएगा आभार दिवस।
लखनऊ : सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ० राजेश्वर सिंह के जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 11 मार्च को “आभार दिवस” मनाया जाएगा। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह डॉ० राजेश्वर सिंह के विधायक आवास, सेक्टर-के आशियाना में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का शुभारंभ एवं विस्तार किया जाएगा, जो डॉ० राजेश्वर सिंह की विकासपरक सोच और जनसेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। कार्यक्रम के दौरान डॉ० राजेश्वर सिंह द्वारा 3 नए रण बहादुर सिंह डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ इंपावरमेंट सेंटर का लोकार्पण करेंगे। इन केन्द्रों के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षण तथा रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में डॉ राजेश्वर सिंह द्वारा 10 नए तारा शक्ति सिलाई केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ राजेश्वर सिंह की उपस्थिति में मेधावी सम्मान समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें 25 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर डॉ राजेश्वर सिंह विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों के साथ संवाद भी करेंगे, जिसमें सरोजनीनगर के आगामी विकास की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

No Previous Comments found.