लखनऊ में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले अखिलेश यादव, ‘नकली संतों’ पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रवास कर रहे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। कृष्णा नगर स्थित उनके प्रवास स्थल पर हुई इस मुलाकात के दौरान सपा नेता और पूर्व सांसद अनु टंडन भी मौजूद रहीं।

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि वे शंकराचार्य से आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने पहुंचे थे। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि शंकराचार्य के आशीर्वाद से “नकली संतों” का अंत तय है।

दरअसल, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों लखनऊ में गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान चला रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक सभा में गो-रक्षा और उसके महत्व पर जोर दिया था। इसी कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने उनसे मुलाकात की।

इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में राज्य सरकार का कामकाज ठीक से नहीं चल रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि डिप्टी सीएम को जनता के बीच जाकर हालात समझने की सलाह दी गई है।

एलपीजी की बढ़ती समस्या पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि गलत नीतियों की वजह से लोगों को फिर से लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ सकता है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की कोशिश पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.