लक्ष्मी देवी जिंदल वेलफेयर ट्रस्ट ने कराया 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह

मोहनलालगंज : मोहनलालगंज क्षेत्र के गोपालखेड़ा स्थित श्री अन्नपूर्णेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गुरुवार को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक भव्य आयोजन देखने को मिला। लक्ष्मी देवी जिंदल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में 51 जोड़ों ने विधि-विधान के साथ सात फेरे लेकर अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल बना रहा। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक साथ कई मंडपों में विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। वर-वधू पारंपरिक वेशभूषा में सजे हुए थे और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सामूहिक विवाह कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।समारोह में मौजूद समाजसेवियों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। विवाह संपन्न होने के बाद ट्रस्ट की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक सामान भी भेंट किया गया, ताकि उनका नया जीवन बिना किसी परेशानी के शुरू हो सके।

इसके अलावा कार्यक्रम में आए नवदंपतियों के परिजनों और मेहमानों के लिए भव्य भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। पंडाल में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिसका सभी ने आनंद लिया।कार्यक्रम के आयोजक मुकेश जिंदल ने बताया कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिलती है और विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्चों तथा सामाजिक कुरीतियों पर भी अंकुश लगता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना है।ट्रस्ट की संरक्षक लक्ष्मी देवी जिंदल तथा आयोजक मुकेश जिंदल, विपिन जिंदल, भाव्या जिंदल, अन्नू जिंदल और एडवोकेट अनिल सिंह ने सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।इस अवसर पर विपिन जिंदल, अरुण जिंदल, अमित मोहन श्रीवास्तव, अनुराग मोहन श्रीवास्तव, जयकेश त्रिपाठी, सचिन मित्तल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और समाजसेवी उपस्थित रहे। समारोह पूरे दिन उत्साह, उल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.