बीसीसी हाइट्स के निवासियों ने सामूहिक बिजली मीटर लगाने की उठाई मांग- एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ - रायबरेली रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम के बगल में बनी बीसीसी हाइट्स सोसाइटी के निवासियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सामूहिक बिजली मीटर लगाने की अनुमति देने की मांग उठाई है। इस संबंध में बीसीसी हाइट्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीओ मोहनलालगंज को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।एसोसिएशन की अध्यक्ष किरण सिंह ने बताया कि बीसीसी हाइट्स सोसाइटी में लगभग 850 फ्लैट बने हुए हैं, जिनमें करीब 1328 वर्गफुट क्षेत्रफल के 3 बीएचके फ्लैट शामिल हैं। सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे मीटरों के लिए 3 केवी कनेक्शन पर अलग-अलग प्रकार के शुल्क लिए जा रहे हैं। किसी से करीब 8408 रुपये, किसी से 18236 रुपये तो किसी से 18408 रुपये तक की राशि जमा कराई जा रही है। इससे निवासियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और लोग इसे अनुचित वसूली बता रहे हैं।एसोसिएशन का कहना है कि अलग-अलग शुल्क निर्धारण से सोसाइटी के निवासियों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। ऐसे में सभी फ्लैटों के लिए सामूहिक बिजली मीटर लगाने की अनुमति दी जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और निवासियों को अनावश्यक शुल्क से राहत मिल सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोसाइटी परिसर में बिजली विभाग की ओर से ट्यूब लाइट या सार्वजनिक विद्युत व्यवस्था की कोई सुविधा नहीं है, और न ही सोसाइटी के निवासी इसकी मांग कर रहे हैं। इस विषय में 26 फरवरी 2026 को भी बिजली विभाग को लिखित रूप से जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि सोसाइटी के सैकड़ों परिवारों के हित को ध्यान में रखते हुए सामूहिक मीटर लगाने की अनुमति जल्द प्रदान की जाए, ताकि निवासियों को राहत मिल सके और बिजली कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।एसोसिएशन द्वारा दिए गए ज्ञापन की प्रतिलिपि अधिशासी अभियंता मोहनलालगंज सहित बिजली विभाग के अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। वहीं निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगे सामूहिक रूप से आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.