तेज रफ्तार वैगनआर की टक्कर से मासूम की दर्दनाक मौत, सौ मीटर तक घिसटता रहा बच्चा

लखनऊ - मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी रोड स्थित इमलिहिया खेड़ा गांव के सामने शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा कार में फंस गया और करीब सौ मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने कार को घेरकर चालक महिला को पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार शुक्रवार को लगभग शाम 4 बजे सूचना मिली कि सिसेंडी रोड पर एक कार ने बच्चे को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि वैगनआर कार संख्या यूपी 32 एमवी 0089 को रेनू संजीव कुमार पुत्री राममूर्ति निवासी गांधीनगर, नियर जीएस पब्लिक स्कूल, तेलीबाग, लखनऊ चला रही थीं। इसी दौरान कार ने सड़क किनारे मौजूद अर्जुन लगभग 6 वर्षीय पुत्र पिंकल उर्फ टिंकल निवासी इमलिहिया खेड़ा थाना मोहनलालगंज को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मासूम अर्जुन घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार से आई कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा कार के नीचे फंस गया और वाहन के साथ करीब सौ मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। यह दर्दनाक मंजर देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और किसी तरह कार को रुकवाया।घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार को चारों तरफ से घेर लिया और चालक महिला को पकड़कर रोक लिया। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराते हुए चालक महिला को उनके चंगुल से छुड़ाकर सिसेंडी चौकी ले गई।हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बाबा केशन पासी ने बताया कि अर्जुन उनके पुत्र पिंकल का बेटा था और घर का इकलौता चिराग था।पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक महिला को हिरासत में ले लिया है। मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव का पंचायतनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने सिसेंडी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

रिपोर्टर - धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.