ऑनलाइन जीएसटी अपील में आ रही समस्याओं पर इंटरैक्टिव सत्र का किया गया आयोजन
लखनऊ : यू०पी० जीएसटी अपीलीय अधिकरण बार एसोसिएशन की ओर से लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित क्राऊन प्लाजा मे “ऑनलाइन फाइलिंग ऑफ जीएसटी अपील्स में व्यावहारिक अवरोध एवं चुनौतियों के समाधान” विषय पर एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए कर पेशेवरों और अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और जीएसटी अपील से जुड़े व्यावहारिक, विधिक तथा तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार सौरव के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था के अंतर्गत अपीलीय तंत्र को मजबूत बनाने में जीएसटी अपीलीय अधिकरण (GSTAT) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीएसटी अपीलीय अधिकरण के अध्यक्ष सेवानिवृत्ति जस्टिस डॉ० संजय कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकरण के समक्ष अपील दायर करने में कर पेशेवरों को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान की जानकारी दी। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि जीएसटी अपीलीय अधिकरण के अध्यक्ष का यह उत्तर प्रदेश का पहला आधिकारिक दौरा था, जिससे यह कार्यक्रम प्रदेश के कर पेशेवर समुदाय के लिए विशेष महत्व का बन गया। कार्यक्रम में लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज पीठ से कई न्यायिक एवं तकनीकी सदस्य भी मौजूद रहे। लखनऊ पीठ से न्यायिक सदस्य संतोष कुमार श्रीवास्तव और नरेंद्र कुमार, तकनीकी सदस्य (केंद्र) आलोक चौधरी और तकनीकी सदस्य (राज्य) अरविंद कुमार उपस्थित रहे। प्रयागराज पीठ से न्यायिक सदस्य महताब अहमद तथा वाराणसी पीठ से न्यायिक सदस्य नरेंद्र बहादुर यादव एवं तकनीकी सदस्य (राज्य) अनंजय कुमार राय ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न पीठों के रजिस्ट्रार, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के वरिष्ठ अधिकारी तथा जीएसटी विभाग, लखनऊ के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने चर्चा को और अधिक सार्थक बनाया। सम्मेलन में आगरा, बरेली, अयोध्या, बस्ती, कानपुर, वाराणसी, रायबरेली और प्रयागराज सहित कई शहरों से आए करीब 150 से अधिक कर पेशेवरों ने भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन यू.पी. जीएसटी अपीलीय अधिकरण बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार सौरव, सचिव नमन तिवारी तथा ऋषभ मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.