आशियाना क्षेत्र में ससुर समेत ससुरालियों ने दामाद की पीट-पीटकर की हत्या।

लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर आई में किराए के मकान में रह रहे एक अधिवक्ता परिवार ने मंगलवार रात घर के कमरे में ससुराल पहुंचे दामाद की पीट - पीट कर हत्या कर दी, इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, सूचना पर पहुंची आशियाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर आरोपित ससुर व उनकी चार पुत्रियों को पूछताछ के लिए कस्टडी में ले लिया है वहीं फोरेंसिक टीम बुला मकान में संघर्ष के सैंपल और खून के धब्बे एकत्र कर जांच के लिए भेज दिया गया। मौके पर पहुंचे डीसीपी एवं एडीसीपी मध्य ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए है।

आशियाना के सेक्टर आई मकान संख्या 1061 में विगत दस वर्षों से तीरथराज सिंह अपनी पत्नी सरोज एवं पांच पुत्रियों राधा (28),साक्षी (26),रत्ना (22),ज्योति (19) एवं एक किशोरी पुत्री संग रहते है। साक्षी चार वर्ष पूर्व अपने परिवार के खिलाफ जाकर जनपद प्रतापगढ़ थाना सांगीपुर का रहने वाला विष्णु यादव (30) पुत्र छेदी यादव के साथ घर से भागकर प्रेम विवाह किया था और अपने ससुराल प्रतापगढ़ में ही रहती थी। विष्णु और साक्षी का एक दो वर्ष की मासूम बेटी भी है। मंगलवार शाम दामाद विष्णु अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था रात्रि करीब 9:30 बजे ससुराल में विवाद हो गया।

 चारपाई के पाएं से सिर पर किए कई वार, मौके पर दर्दनाक मौत- 

विवाद के दौरान जमकर हाथापाई हुई और गुस्से में आए ससुरालियों ने चारपाई के पाएं से दामाद के सिर पर कई वार कर दिए जिससे खून से लथपथ हो दामाद कमरे में ही फर्श पर गिर पड़ा और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कंट्रोल नंबर की सूचना पर पुलिस बल संग पहुंचे आशियाना प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने मृत पड़े दामाद को देख घटना की जानकारी अपने अधिकारियों को दी और ससुर समेत चार बहनों को पूछताछ के लिए कस्टडी में ले लिया। वहीं मृतक की पत्नी इस घटना से अपना आपा खो बैठी और कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं रही। मौके पर फोरेंसिक टीम बुला पूरे मकान से सैंपल एकत्र किए गए और नमूने जांच के लिए भेज दिया गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच घटना स्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए है।

दो वर्ष पूर्व ससुर ने दामाद के खिलाफ किशोरी शाली को अगवा करने का लगाया था आरोप-

प्राप्त जानकारी अनुसार आशियाना इलाके के सेक्टर आई में रह रहे आरोपित ससुर तीरथराज वर्ष 2024 में अपने दामाद विष्णु यादव पर किशोरी साली को अगवा कर लेने का आरोप लगाते हुए आशियाना थाने में शिकायत की थी जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपित दामाद विष्णु यादव जेल भी गया था जोकि मामला विचाराधीन है।

स्थानीय लोगों का आरोप, अभद्र है परिवार -

आशियाना इलाके के सेक्टर आई में हुई इस घटना के बाद आरोपित के घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और हर किसी के भीतर यही सवाल रहा कि आखिर भीतर क्या चल रहा है। कुछ लोगों का कहना रहा कि यह पूरा परिवार ही अभद्र है आए दिन लोगों से झगड़ा करना इनकी आदतों में सुमार है इसलिए कोई भी इस परिवार से सरोकार नहीं रखता है यहां तक कि ये मकान भी सिंचाई विभाग के एक अधिकारी का है जिसपर इन लोगों ने जबरन कब्जा कर रखा है और किराया भी नहीं देते है।

आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिवारजनों को सूचना दिया गया है किस बात को लेकर विवाद हुआ और नौबत मारपीट तक पर आ गई अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपित से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक के परिवारजन से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही किया जाएगा।

 रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.