व्यावसायिक गैस सिलिंडर की किल्लत से निगोहां में ठप पड़ा खानपान कारोबार, दुकानदारों पर रोजी-रोटी का संकट

निगोहां ,लखनऊ : निगोहां कस्बे में इन दिनों व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की भारी किल्लत ने खानपान के कारोबार को गहरे संकट में डाल दिया है। गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण होटल, ढाबा और छोटे-बड़े रेस्टोरेंट संचालकों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करने की नौबत आ गई है, जबकि कुछ लोग मजबूरी में लकड़ी और कोयले की भट्टी का सहारा लेकर पुराने दौर में लौटने को विवश हैं।

कस्बे के होटल व ढाबा संचालक बबलू, संजय समेत कई व्यापारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। गैस एजेंसियों पर चक्कर लगाने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। जिन दुकानदारों के पास अतिरिक्त सिलिंडर थे, वे भी अब खत्म हो चुके हैं।व्यापारियों का कहना है कि गैस के अभाव में नियमित रूप से ग्राहकों को सेवा देना मुश्किल हो गया है। कई जगहों पर चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं, जिससे दुकानों के बाहर ताले लटकने की नौबत आ रही है। वहीं, कुछ दुकानदार लकड़ी और कोयले की भट्टी पर खाना बनाकर किसी तरह काम चला रहे हैं, लेकिन इससे समय और लागत दोनों बढ़ रही है।ग्राहकों को भी इस समस्या का सीधा असर झेलना पड़ रहा है। सुबह-शाम चाय-नाश्ते और भोजन के लिए आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे स्थानीय बाजार की रौनक भी फीकी पड़ने लगी है।सतगुरु समेत अन्य कारोबारियों ने बताया कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो उन्हें अपना व्यवसाय पूरी तरह बंद करना पड़ सकता है। इससे न केवल उनकी आय प्रभावित होगी, बल्कि परिवार के भरण-पोषण पर भी संकट गहराने लगेगा।स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति तत्काल बहाल कराई जाए, ताकि छोटे कारोबारियों को राहत मिल सके और बाजार की व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट सके।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.