मोहनलालगंज में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 733 किलो गांजा बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार

मोहनलालगंज, लखनऊ :  मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स ने मोहनलालगंज क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में 733 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार किए गए आरोपितों में बांदा निवासी विनोद कुशवाहा और हमीरपुर निवासी जितेंद्र शिव हरे शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा गांजा ढोने में प्रयुक्त टाटा कंटेनर भी बरामद किया है।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से गांजे की बड़ी खेप कंटेनर के माध्यम से लखनऊ लाई जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के निर्देशन में टीम ने मोहनलालगंज के बिंदौवा क्षेत्र में बाबा ढाबा के पास घेराबंदी कर दी। संदिग्ध कंटेनर को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसके भीतर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनका गिरोह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। इस अवैध कारोबार से गिरोह के सदस्य मोटा मुनाफा कमा रहे थे और लंबे समय से सक्रिय थे।
इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मोहनलालगंज कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।एसटीएफ की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाइयों से युवाओं को नशे की लत से बचाने में मदद मिलेगी।

रिपोर्टर : धीरज 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.