दामाद की पीट-पीटकर हत्या करने वाले सास ससुर समेत बेटियां भेजी गई जेल, आरोपी चाचा फरार।

लखनऊ :  आशियाना इलाके में दो दिन पूर्व रात्रि समय दामाद की पीट पीट कर हत्या कर देने के मामले में आशियाना पुलिस ने मृतक युवक के पिता की नामजद शिकायत पर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी सास ससुर और उनकी चारों बेटियों को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया है।  वहीं हत्या आरोप में फरार चचिया ससुर फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने दामाद को उतारा था मौत के घाट- 

आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि आशियाना के सेक्टर आई में पेशे से अधिवक्ता तीर्थराज सिंह अपनी पत्नी और चार बेटियों के साथ रहते है। जबकि एक बेटी साक्षी सिंह प्रतापगढ़ के युवक विष्णु यादव से प्रेम विवाह कर अपने पति के साथ ही रह रही थी। दो दिन पूर्व 17 मार्च की शाम मृतक अपनी पत्नी साक्षी और डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी संग अपने ससुराल आया था। रात्रि समय ससुराल वालो ने अपनी बेटी साक्षी को बंधक बनाकर बेरहमी से अपने दामाद की पिटाई किया था और चारपाई के पाएं से दामाद के सर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दिया था। कंट्रोल नंबर की सूचना पर पहुंची पुलिस को भी आरोपित ससुर घर का मामूली झगड़ा बता घर में घुसने नहीं दे रहा था लेकिन पुलिस जब जबरन अंदर घुसी तो दामाद खून से लथपथ मृत अवस्था में घर के पोर्च में पड़ा हुआ मिला था। यह नजारा देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए थे और उच्चाधिकारीयों को सूचना देते हुए पुलिस ने आरोपित सास ससुर और उनकी चारों बेटियों राधा, रत्ना, ज्योति और विधि को पुलिस कस्टडी में ले लिया था। पुलिस को मौके से ही खून से सने हुए लकड़ी का दो पाया बरामद हुआ था। प्रतापगढ़ से बुधवार को लखनऊ पहुंचे मृतक के पिता छेदी यादव ने सास ससुर और चार बेटियों समेत चचिया ससुर यज्ञनारायण सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के पूछताछ में सामने आया कि हत्या आरोपीगण अपनी पुत्री के प्रेम विवाह से नाराज चल रहे थे और इसी नाराजगी के कारण अपनी पुत्री को बंधक बना इस कृत्य को अंजाम दे दिया। हत्या के आरोप में बृहस्पतिवार को आशियाना पुलिस ने हत्या आरोपी सास ससुर समेत उनकी चारों बेटियों को जेल भेज दिया है। जबकि हत्या आरोपी चचिया ससुर फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है।

रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.