नाराज विद्युत उपभोक्ता ने दफ्तर में घुस कर काटा हंगामा, दर्ज हुआ मुकदमा

लखनऊ :  कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र स्थित विद्युत बिलिंग कार्यालय में बुधवार को बिजली बिल को लेकर एक उपभोक्ता ने जेई से विवाद कर लिया। इतना ही नहीं आक्रोशित उपभोक्ता ने जेई के साथ मारपीट कर ली। इस मामले में अवर अभियंता की नामजद शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 मूलरूप से ग्राम सहतवार बलिया जनपद के रहने वाले अमरेश सिंह अमौसी जोन विद्युत बिलिंग कार्यालय में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार, बुधवार को वह अपने सहकर्मी शशि कुमार (अवर अभियंता बिलिंग) और राम बहादुर राम के साथ कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब 4:35 बजे मलिहाबाद निवासी अयुब अहमद पुत्र स्व.याकूब कार्यालय पहुंचा और बिजली बिल को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अमरेश सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी पीड़ित के पास साक्ष्य के रूप में मौजूद है। 

पीड़ित अवर अभियंता अमरेश सिंह का कहना है कि इस घटना से न केवल उनके साथ अभद्रता हुई, बल्कि सरकारी कार्य भी बाधित हुआ। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत कृष्णा नगर कोतवाली में दी है। इंस्पेक्टर कृष्णा नगर पीके सिंह के अनुसार अवर अभियंता की तहरीर पर आरोपी अयुब अहमद के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


 रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.