एस.डी.वी. एकेडमी स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

मोहनलालगंज : मोहनलालगंज नगर पंचायत क्षेत्र के डेहवा स्थित एस.डी.वी. एकेडमी स्कूल में सोमवार को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों का वार्षिक परीक्षा परिणाम बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खुशी, उमंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन द्वारा किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। इस दौरान कक्षा अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रबंधक लवकुश यादव मण्डल अध्यक्ष, लखनऊ मण्डल द्वारा शील्ड एवं चॉकलेट देकर सम्मानित किया गया।सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनका उत्साह देखते ही बनता था। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। वहीं, शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रशासन ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम होती है। विद्यार्थियों को आगे भी इसी प्रकार मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने की सीख दी गई।इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-स्टाफ ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने तथा नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रशासन द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि नया शैक्षिक सत्र आगामी एक अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं सकारात्मक वातावरण में हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों के मन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.