जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज बहरौली में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

नगराम : क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली में सोमवार को मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्रा सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं सफलता के नए आयाम स्थापित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 7 की छात्रा नंदिनी वर्मा रहीं, जिन्होंने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। नंदिनी ग्राम रसूलपुर आशिक अली निवासी अशोक कुमार की पुत्री हैं। इस उपलब्धि पर उन्हें आगामी चार वर्षों तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्य ने नंदिनी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।इसके अलावा गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 6ए से सोनी, 6बी से आदित्य राज, 7ए से दिव्या, 8ए से नंदिनी, 8बी से दीपांशु कुमार, 9ए से नैंसी, 9बी से अंशिका, 9सी से आयुष यादव, 9डी से अनूप कुमार, 11ए से परी शर्मा, 11बी से शुभम तथा 11सी से अनामिका को पुरस्कार प्रदान किए गए।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रेम कुमार, शंभू दत्त, संजय अवस्थी और कुमारी अंजू सहित अन्य शिक्षकों ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.