गांव की बेटी ने रचा इतिहास: प्रियंका सिंह बनीं नर्सिंग ऑफिसर, प्रदेश में प्रथम स्थान

मोहनलालगंज : मोहनलालगंज विकास खंड के चर्चित गांव रजवाड़ा स्टेट गोपाल खेड़ा के लिए रविवार का दिन गर्व और खुशी का संदेश लेकर आया। गांव की होनहार बेटी प्रियंका सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नर्सिंग ऑफिसर पद पर चयन पाया है। खास बात यह रही कि प्रियंका ने परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।किसान राम शरण सिंह की सुपुत्री प्रियंका सिंह का चयन लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।रविवार को राजधानी लखनऊ के लोक भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रियंका सिंह को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस खास मौके पर प्रियंका के चेहरे पर सफलता की चमक साफ झलक रही थी।प्रियंका के बड़े भाई प्रिंस सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनकी बहन की वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा, “प्रियंका ने अपने सपनों को साकार कर हमारे किसान परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूर्व मंडल अध्यक्ष सुधांशु सिंह, पत्रकार एकता वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सिंह भंडारी, एडवोकेट बलराम सिंह, निगोहां प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल सिंह चौहान सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने प्रियंका को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रियंका की यह सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.