फर्जी दस्तावेज से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ - मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीजीआई थाना क्षेत्र की वृंदावन योजना निवासी गुड्डी ने मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुनील कुमार और उसके साथी सत्येंद्र कुमार रावत एडवोकेट ने सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर उससे करीब चार लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि कम कीमत में जमीन का बैनामा कराकर कब्जा दिला दिया जाएगा।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उससे 2.47 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए, जबकि बाकी रकम नकद ली गई। पैसे लेने के बावजूद न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही कब्जा दिलाया गया। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सालिकराम निवासी अहमदपुर, नगराम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह फर्जी कागजात तैयार कर लोगों को सस्ती जमीन का लालच देकर ठगी करता था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर - धीरज


No Previous Comments found.