संवाद से मजबूत होगा भरोसा: डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने पत्रकारों संग बढ़ाया तालमेल

लखनऊ :  पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद ही जनविश्वास की सबसे मजबूत नींव है। इसी सोच के साथ पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकार बंधुओं के साथ शिष्टाचार भेंट कर आपसी समन्वय को नई दिशा देने का प्रयास किया।

इस दौरान डीसीपी ने कहा कि बदलते दौर में सूचना का त्वरित और सटीक संप्रेषण बेहद अहम हो गया है, जिसमें मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से खुलकर संवाद किया और उनके सुझावों को गंभीरता से सुना। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अमित कुमार आनंद ने कहा कि दक्षिणी जोन की पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी घटना की सही और तथ्यात्मक जानकारी समय पर उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि अफवाहों पर अंकुश लगाया जा सके और समाज में सकारात्मक माहौल बना रहे।
उन्होंने पत्रकारों से अपेक्षा जताई कि वे खबरों के प्रकाशन और प्रसारण में संतुलन और सत्यता को प्राथमिकता दें, जिससे समाज में जागरूकता के साथ-साथ विश्वास भी मजबूत हो।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए तथा पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने की बात कही। पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो भविष्य में पुलिस और मीडिया के बीच और बेहतर सहयोग का संकेत देता है।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.