विश्व स्वास्थ्य दिवस पर धनवासाँड में जागरूकता रैली व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

मोहनलालगंज :  लखनऊ,मोहनलालगंज विकास खण्ड क्षेत्र के धनवासाँड गाँव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कृष्णा नर्सिंग एंड पैरा मेडिकल इंस्टिट्यूट की ओर से जागरूकता रैली एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, संस्थान के प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली गाँव के विभिन्न मोहल्लों से होकर निकली, जहां प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार अपनाने, नियमित व्यायाम करने एवं बीमारियों से बचाव के उपायों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और नारों के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति संदेश प्रसारित किया गया।रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य जरूरी जांचें की गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को समय रहते बीमारियों के प्रति सजग करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने संस्थान की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें न केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलती है, बल्कि प्रारंभिक स्तर पर उपचार का भी लाभ प्राप्त होता है।

यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.