मस्तीपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पुस्तक व रिजल्ट वितरण समारोह, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

मोहनलालगंज : लखनऊ,विकास खंड मोहनलालगंज के अंतर्गत मस्तिपुर गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को वार्षिक परिणाम एवं पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी रहे, जिन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार दीक्षित के साथ मिलकर बच्चों को पाठ्यपुस्तकों और रिजल्ट कार्ड का वितरण किया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में और अधिक मेहनत करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की शुभकामनाएं दीं।वहीं प्रधानाध्यापक संजीव कुमार दीक्षित ने छात्रों को अनुशासन और परिश्रम का महत्व समझाते हुए कहा कि विद्यालय से पास होकर जाने वाले बच्चे जहां भी अध्ययन करें, अपने व्यवहार और पढ़ाई से इस विद्यालय, अपने परिवार और गांव का नाम रोशन करें। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका शशि शुक्ला, छाया गौड़, रीना वर्मा, मीनू, विभा, अनुदेशक संगीता पांडेय तथा अमित सहित अन्य शिक्षकगण व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.