दयालपुर पंचायत भवन में फार्मर रजिस्ट्री सत्यापन का निरीक्षण, एसडीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश

मोहनलालगंज :  राजधानी के मोहनलालगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत दयालपुर में बुधवार को किसान सम्मान निधि योजना के सुचारू क्रियान्वयन हेतु फार्मर रजिस्ट्री सत्यापन कार्य का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पवन पटेल और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आशुतोष श्रीवास्तव  मुख्य रूप से मौजूद रहे। 

अधिकारियों ने पंचायत भवन पहुंचकर चल रहे पंजीकरण और सत्यापन कार्य की जमीनी हकीकत जानी और वहां मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पवन पटेल ने उपस्थित किसानों से बातचीत कर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पंचायत सचिव शशांक शुक्ला को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 एसडीएम ने निर्देश दिए कि इस कार्य में तेजी लाई जाए ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का डेटा शुद्धता के साथ पोर्टल पर अपडेट करना प्राथमिकता है।
वहीं, बीडीओ मोहनलालगंज आशुतोष श्रीवास्तव ने भी सक्रियता दिखाते हुए स्वयं अपनी निगरानी में कई किसानों के अभिलेखों की जांच कर उनका सत्यापन कार्य संपन्न कराया। इस अभियान को सफल बनाने में स्थानीय टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंचायत सहायक ओशिता साहू और समाजसेवी शैलेंद्र शुक्ला ने गांव के किसानों को घर-घर और सार्वजनिक स्थानों से संपर्क कर पंचायत भवन तक बुलाने का कार्य किया, जिससे भारी संख्या में किसानों ने अपना पंजीकरण और सत्यापन कराया। समाजसेवी शैलेंद्र शुक्ला ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराने में सहयोग प्रदान किया। अधिकारियों के इस औचक दौरे और सक्रियता से ग्रामीणों में संतोष देखा गया ।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.