लखनऊ में टप्पेबाज गैंग का भंडाफोड़, 3 महिला समेत 4 शातिर गिरफ्तार, जेवरात बरामद।
लखनऊ - राजधानी में टप्पेबाजी की बढ़ती घटनाओं के बीच थाना कृष्णानगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने टप्पेबाजों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिला समेत चार शातिर टप्पेबाज लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस बड़ी संख्या में जेवरात बरामद कर कृष्णा नगर क्षेत्र में हुई तीन टप्पेबाजी की सनसनीखेज घटनाओं का सफल खुलासा किया है।
बीते 6 माह के भीतर कृष्णानगर क्षेत्र में तीन सनसनीखेज टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए कृष्णा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के नेतृत्व में पुलिस की 6 टीम में जुटी थीं। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि कृष्णा नगर थाने की पुलिस टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाही में यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि लगभग 700 सीसीटीवी फुटेज खंगालने एवं ग्राउंड सूत्रों की मदद से गिरोह की तीन महिलाओं सहित कुल चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार टप्पेबाजों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं, जो हाल ही में हुई घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह के लोग भीड़-भाड़ वाले इलाकों में घूमकर खासतौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। ये लोग ऑटो या ई-रिक्शा में बैठकर पहले बातचीत में उलझाते और फिर मौका मिलते ही जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे।
वारदात के बाद गिरोह के सदस्य लगातार अपना ठिकाना बदल लेते थे, जिससे इनकी पहचान कर पाना काफी मुश्किल हो जाता था। यह गिरोह अलग-अलग शहरों में सक्रिय रहकर घटनाओं को अंजाम देता था। पकड़ी गई तीन महिलाओं सहित चारों अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने कृष्णा नगर क्षेत्र कीतीन टप्पे बाजी की घटनाओं का खुलासा करते हुएदर्ज संबंधित मुकदमों में चारों अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया है।
रिपोर्टर - विशाल कुमार चौधरी


No Previous Comments found.