यूनानी फार्मासिस्ट संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

लखनऊ - राजधानी में मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को पीएम राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी फार्मासिस्ट संघ, उत्तर प्रदेश के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के “महर्षि चरक सभागार” में अपरान्ह 1 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों, चिकित्सकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। समारोह के मुख्य अतिथि ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सदस्य विधान परिषद् रहे, जिन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फार्मासिस्टों की भूमिका को स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया।

विशिष्ट अतिथियों में डॉ. नारायण दास (निदेशक आयुर्वेदिक सेवाएं उ.प्र.) प्रो.जमाल अख्तर (निदेशक यूनानी सेवाएं उ.प्र.), डॉ. राम कृपाल तथा डा. अरशद जमाल लारी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने नव निर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, फार्मासिस्टों के हितों की रक्षा करने तथा आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और संगठनात्मक एकता का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.