साइबर सेल दक्षिणी ने लौटाए 54 खोए मोबाइल, 12 लाख की रिकवरी
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन साइबर सेल ने शुक्रवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जनता के खोए हुए 54 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CEIR पोर्टल के माध्यम से गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई की गई थी। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनन्द के पर्यवेक्षण व अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने इन मोबाइलों को ट्रेस किया।
विभिन्न राज्यों से की गई बरामदगी-
जांच में पता चला कि ये मोबाइल यूपी के अलग-अलग जिलों के साथ अन्य राज्यों में भी एक्टिव थे। दक्षिणी जोन के सभी थानों की साइबर टीमों के साथ समन्वय कर सभी 54 फोन बरामद किए गए। आज पुलिस उपायुक्त दक्षिणी कार्यालय में सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए।
चेहरे पर लौटी मुस्कान-
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने राहत की सांस ली। मोबाइल स्वामियों ने लखनऊ पुलिस और साइबर टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि महीनों पहले खोया फोन वापस मिल पाएगा। यह पूरी कार्रवाई साइबर सेल, जोन-दक्षिणी, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की टीम द्वारा की गई।
रिपोर्टर - विशाल कुमार चौधरी


No Previous Comments found.