चाय गिरने पर भड़के दबंगों ने युवक को पीटा, 2 आरोपी हिरासत में

लखनऊ : कृष्णानगर इलाके में चाय गिरने जैसी मामूली बात पर चार दबंगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने वालों को भी जान से मारने की धमकी देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आलमबाग के मधुवन नगर निवासी मनीष यादव ने बताया कि 2 मई की रात करीब 9:30 बजे वह चरसी की चाय दुकान पर चाय पी रहा था। तभी बुलेट और स्प्लेंडर बाइक से चार लड़के आए। बुलेट से उतरते समय एक लड़के का हाथ मनीष की चाय से लग गया, जिससे चाय उसके कपड़ों पर गिर गई। इसी बात पर बड़ा बरहा निवासी अभिषेक मिश्रा और उसके तीन साथी गाली-गलौज करने लगे और मनीष को पीटना शुरू कर दिया। दुकान पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अभिषेक समेत चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारपीट में शामिल कुलदीप और शुभम को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य दो की तलाश जारी है।

 रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.