मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण में उल्लेखनीय उपलब्धियां

लखनऊ : उत्तर प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम तथा त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है।
उ०प्र० शासन एवं पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा प्रदत्त दिशानिर्देशों के अनुपालन में महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी एवं सुनियोजित कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा महिला संबंधित प्रकरणों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन किया गया तथा अभियोजन एवं मॉनिटरिंग सेल के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी करते हुए शीघ्र विचारण में सहयोग प्रदान किया गया।
इन समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप विभिन्न मामलों में अभियुक्तों को 07 वर्ष के कठोर कारावास से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा दिलाई गई। विशेष रूप से पॉक्सो, दुष्कर्म एवं हत्या जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्यवाही कर पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाया गया। अभियान के दौरान कुल 06 प्रकरणों में न्यायालय द्वारा अभियुक्तों को दंडित कराया गया।
पुलिस द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए पीड़ितों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अनेक प्रकरणों में पीड़िताओं को आर्थिक सहायता एवं काउंसलिंग उपलब्ध कराई गई। पारिवारिक विवादों को काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाकर सामाजिक सौहार्द स्थापित किया गया तथा जरूरतमंद महिलाओं को अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराया गया।
जोन लखनऊ के अंतर्गत जनपदों द्वारा किए गए प्रमुख सराहनीय कार्यों का विवरण निम्नलिखित है—
जनपद अयोध्या, थाना रौनाही पर पंजीकृत मु0अ0सं0 152/2021 धारा 302 भादवि में अभियुक्त को आजीवन कारावास एवं ₹30,000 के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।
जनपद सुल्तानपुर, कोतवाली देहात पर पंजीकृत मु0अ0सं0 268/2024 धारा 376ए/376बी/504 भादवि व 5एम/6 पॉक्सो एक्ट में अभियुक्त को 20 वर्ष के कठोर कारावास एवं ₹10,000 के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।
जनपद बाराबंकी, थाना मसौली पर मु0अ0सं0 234/2018 धारा 376 भादवि में अभियुक्त को 07 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹20,000 के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।
जनपद अम्बेडकर नगर, कोतवाली अकबरपुर पर मु0अ0सं0 174/2021 धारा 498A, 304B, 302/34 भादवि व ¾ डीपी एक्ट में 03 अभियुक्तों को 10-10 वर्ष के साधारण कारावास एवं ₹4,000-₹4,000 के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।
जनपद अमेठी, थाना रामपुर पर पंजीकृत मु0अ0सं0 170/2011 में धारा 363, 366, 376, 506 एवं 323 भादवि के अंतर्गत अभियुक्त को निम्नानुसार दंडित किया गया—
धारा 376 भादवि में 07 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹5,000 अर्थदण्ड, 
धारा 363 भादवि में 03 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹5,000 अर्थदण्ड, 
धारा 366 भादवि में 04 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹5,000 अर्थदण्ड, 
धारा 323 भादवि में 06 माह का कठोर कारावास, 
धारा 506 भादवि में 06 माह का कठोर कारावास। 
अर्थदण्ड अदा न करने पर 15 दिवस का अतिरिक्त साधारण कारावास निर्धारित किया गया।
जनपद हरदोई, थाना पाली पर पंजीकृत मु0अ0सं0 277/23 धारा 376AB भादवि व 5M/6 पॉक्सो एक्ट में अभियुक्त को आजीवन कारावास एवं ₹20,000 के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।
इसी प्रकार जनपद खीरी, उन्नाव, सीतापुर एवं अम्बेडकर नगर में असहाय/बीमार पीड़िताओं को त्वरित चिकित्सीय सहायता प्रदान करते हुए पुलिस द्वारा सराहनीय मानवीय कार्य किया गया। विभिन्न स्थानों पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मिशन शक्ति/शक्ति वाहिनी टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की।
जनपद खीरी के कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सलेमपुर कोन में एक 05 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक के लापता होने की सूचना पर टीम द्वारा त्वरित सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। 
जनपद उन्नाव के थाना बारासगवर क्षेत्र में, टंडसपुर के पास सड़क पर घायल अवस्था में पाई गई महिला को पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शक्ति वाहिनी स्कूटी से तुरंत सीएचसी ऊंचगांव पहुंचाकर उपचार कराया गया। तथा बाद महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जनपद सीतापुर के महमूदाबाद बस स्टैंड के पास एक पीड़िता अपने दो बच्चों के साथ बीमार अवस्था में मिली, जिसे मिशन शक्ति टीम द्वारा तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया तथा स्वस्थ होने पर परिजनों को सूचना देकर सुरक्षित सुपुर्द किया गया। 
जनपद अम्बेडकरनगर के थाना इब्राहिमपुर क्षेत्र में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इल्तिफातगंज परिसर में एक महिला के अचानक अचेत होकर गिरने की सूचना पर टीम द्वारा तत्परता से उसे अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया और स्वास्थ्य में सुधार होने पर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
इसी क्रम में जोन के अधीनस्थ जनपदों में मिशन शक्ति टीम एवं महिला बीट कर्मियों द्वारा विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को भी सुनिश्चित किया गया। उक्त कार्यों के प्रति आमजन द्वारा पुलिस की सराहना व्यक्त की गई तथा पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक सहयोग की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.