महिलाओं से लूट पड़ गई भारी, 24 घंटे के भीतर किन्नर गैंग के तीन लुटेरे चढ़े बिजनौर पुलिस के हत्थे।
लखनऊ - बिजनौर थाना पुलिस ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं से जेवर लूटने वाले किन्नर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए किन्नर लुटेरों के पास से लूटा गया मंगलसूत्र, सोने की बालियां और वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद हुई है।
बीते 4 मई की सुबह बिजनौर कस्बे में दो महिलाएं मॉर्निंग वॉक पर थीं। तभी वैगनआर सवार किन्नरों ने गाड़ी रोककर महिलाओं से घर में शादी होने का बहाना बनाकर पैसे मांगे। मना करने पर कपड़े उतारकर दबाव बनाया और डरा-धमकाकर एक महिला के गले से मंगलसूत्र व कानों की बालियां लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना बिजनौर में मु०अ०सं० 118/2026 धारा 309(4) बीएनएस में केस दर्ज हुआ।
डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर गठित टीम ने 100-150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 24 घंटे के अंदर सोमवार को अलीनगर खुर्द अंडरपास से अजय रावत उर्फ रानी किन्नर, आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका और रफीक अहमद को दबोच लिया। तलाशी में लूटा गया मंगलसूत्र व दो सोने की बालियां बरामद हुईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ओला बुक कर अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को टार्गेट करता था। पैसे न देने पर कपड़े उतारकर ओछी हरकतें करते और जेवर लूट लेते थे। विरोध करने पर मारपीट पर भी उतारू हो जाते थे। लूटे गए जेवर आपस में बांट लेते थे।
बरामदगी के आधार पर केस में धारा 317(2) बीएनएस बढ़ाई गई है। गैंग का चौथा साथी अन्नू फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, उ०नि० प्रशान्त सिंह, तेजवीर सिंह, प्रदीप कुमार, गजय सिंह, म०का० पूजा, का० दिनेश चौरसिया व का० संजय कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर - विशाल कुमार चौधरी


No Previous Comments found.