शराब पिलाकर दोस्त को कनपटी पर मारी गोली,गुमटी बंद कराने का लिया खूनी बदला

लखनऊ : राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी में दोस्ती के नाम पर धोखे से मौत के घाट उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महज 24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दो हत्यारों को दबोच लिया। शराब-मुर्गा पार्टी के बहाने बुलाकर युवक सचिन यादव की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी गई। वजह बनी - उधार का तकादा और गुमटी का धंधा चौपट होना।

बीते 6 मई को जितेन्द्र यादव पुत्र विनेश यादव निवासी रोहतापुर शकूरपुर ने भाई सचिन की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सचिन का शव 5 मई को अवध विहार सेक्टर-8 के खाली मैदान में मिला था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि 3 मई को सचिन को उसके परिचित कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू और संतोष कुमार यादव ने पार्टी के बहाने बुलाया था।

24 घंटे के भीतर खूनी साजिश का पुलिस ने किया खुलासा - 

पुलिस की पूछताछ में आरोपी कमल ने उगला कि भट्ठा चौराहे पर उसके साले संतोष की गुटखा-सिगरेट की गुमटी थी। सचिन वहां से सामान लेता, पैसे नहीं देता। मांगने पर धमकाता और ग्राहक तोड़ देता था। इसी से परेशान होकर संतोष को गुमटी बंद करनी पड़ी। बदले की आग में दोनों ने हत्या की साजिश रची। 3 मई को अंग्रेजी ठेके के पीछे शराब-मुर्गा पार्टी रखी। साजिशन सचिन को जमकर शराब पिलाई। नशे में धुत होने पर उसे अवध विहार सेक्टर-8 के मैदान में ले गए। वहां पेशाब के बहाने कमल उठा, संतोष ने सचिन को दबोचा और कमल ने कनपटी से सटाकर गोली दाग दी। हत्या के बाद दोनों मोबाइल लेकर फरार हो गए। तमंचा बसेरा-2 के पास सूखी पत्तियों में छिपा दिया, मोबाइल नाली में फेंक दिए।

पुलिस का एक्शन- 

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद के निर्देश पर गठित पुलिस की चार टीमें इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में जुटी थीं। सर्विलांस व मैनुअल साक्ष्यों पर पुलिस ने सेक्टर-8 से दोनों दोनों हत्यारों  क्रमशः कमलसिंह यादव उर्फ टिंकू पुत्र स्वर्गीय सुनील सिंह यादव निवासी ग्राम देवामऊ थाना सुशांत गोल्फ सिटी जनपद लखनऊ तथा संतोष कुमार यादव पुत्र नंदकिशोर यादव निवासी ग्राम धावाहार थाना सुशांत गोल्फ सिटी जनपद लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तो की निशानदेही पर बसेरा-2 के पास सूखी पत्तियों में छिपाये गये  .315 बोर का देशी तमंचा, खोखा व नाली में फेंके गये मृतक सचिन के दो मोबाइल बरामद कर लिए गये हैं। इंस्पेक्टर जितने भी है संबंधित हत्या के मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाकर विधिक कार्यवाही के तहत दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्टर - विशाल कुमार चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.