कूड़ा बीनने वाली निकली शातिर चोर, 8 कुर्सियां बोर में छुपा कर भागते वक्त पकड़ी गई
लखनऊ : कृष्णानगर क्षेत्र के मानस नगर स्थित अमनप्रीत लॉन से शनिवार को प्लास्टिक की 8 कुर्सियां चोरी कर ले जा रही कूड़ा बिनने वाली महिला को सुरक्षा गार्ड ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को जेल भेज दिया।
मानस नगर निवासी विशेष प्रकाश का अमनप्रीत नाम से लॉन संचालित है। लॉन में लोनहा पिपरसंड बंथरा निवासी रामखिलावन सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। शनिवार को ड्यूटी के दौरान गार्ड ने देखा कि लॉन से नई खरीदी 8 प्लास्टिक की कुर्सियां गायब हैं। इसी दौरान लॉन के बाहर बोरे में सामान भरकर जा रही कूड़ा बिनने वाली महिला पर शक होने पर गार्ड ने उसे रोका। तलाशी लेने पर बोरे से गायब हुई आठों कुर्सियां बरामद हो गईं।
गार्ड ने तत्काल लॉन मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पकड़ी गई महिला ने अपना नाम उर्मिला पत्नी रईस निवासी झोपड़पट्टी कृष्णा नगर बताया है। गार्ड रामखिलावन की तहरीर पर चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.